पक्का बीघा, कच्चा बीघा, बिस्सा, बिस्वांशी, कछवांशी, एकड़ क्या होता है ?

खेतों को मापने के लिए भारत के विभिन्न हिस्सों में गज, हाथ, गट्ठा, जरीब, बिस्‍सा, बिस्वांसी, उन्वांसी, कछवांसी, बीघा, किल्‍ला, एकड़, हैक्‍टेयर आदि मात्रकों का प्रयोग होता है। परन्तु अधिकतर लोगों को ये समझना मुश्किल होता है कि गज कितना होता है ? गट्ठा कितना होता है ? या बिस्वांसी कितने क्षेत्र को कहते हैं ? इसी समस्या के समाधान के लिए हमने यह लेख तैयार किया है, इसे पढ़ने के बाद आपको किसी से पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि कच्चा बीघा क्या होता है ? और पक्का बीघा क्या होता है ?

लम्बाई मापने के मात्रक

एक मीटर = 39.3701 इंच = 100 सेंटीमीटर

एक गज (Yard) = 36 इंच = 0.91 मीटर

एक हाथ = 18 इंच = आधा गज = 0.4572 मीटर

एक गट्ठा = 99 इंच = 8.25 फुट = 2.75 गज = 2.5146 मीटर (लगभग ढाई मीटर) = साढ़े पाँच हाथ

एक ज़रीब = 1980 इंच = 55 गज = 50.292 मीटर = 110 हाथ = 20 गट्ठा

खेती में क्षेत्रफल मापने के मात्रक

एक एकड़ = 1 बीघा 12 बिस्सा = 640 वर्ग गट्ठा = 4840 वर्ग गज = 43560 वर्ग फुट

एक बीघा (पक्का) = 1 वर्ग ज़रीब = 20 बिस्सा = 400 वर्ग गट्ठा = 3025 वर्ग गज = 27225 वर्ग फुट = 3920400 वर्ग इंच

एक बिस्सा (पक्का) = 20 बिस्वांशी = 20 वर्ग गट्ठा = 151.25 वर्ग गज = 1361.25 वर्ग फुट = 196020 वर्ग इंच

एक बिस्वांशी = 20 कछवांशी = 1 वर्ग गट्ठा = 7.5625 वर्ग गज = 68.0625 वर्ग फुट = 9801 वर्ग इंच

एक कछवांशी = 20 उनवांशी = 3.4031 वर्ग फुट = 490.05 वर्ग इंच

एक वर्ग गज = 9 वर्ग फुट = 1296 वर्ग इंच

बीघा क्या है ?

बीघा एक पारम्परिक कृषि भूमि की माप की इकाई है। इस इकाई का प्रयोग भारत के उत्तरी राज्यों, नेपाल, बांग्लादेश और ऐसे देशों में जहाँ भारत से प्रवास हुआ है जैसे फिजी में होता है। भारत में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में बीघा का उपयोग कृषि भूमि को मापने में होता हैं। हालांकि, यह ध्यान देने योग्य बात है कि इन सभी स्थानों पर ‘बीघा’ शब्द का प्रयोग तो समान है परन्तु मानक एक नहीं है अर्थात अलग-अलग क्षेत्रों में बीघा के क्षेत्रफल में अंतर मिलता है। कई स्थानों पर बीघा के दो रूप देखने को मिलते हैं यथा कच्चा बीघा और पक्का बीघा। आईये कच्चा बीघा (Kachcha Bigha) और पक्का बीघा (Pakka Bigha) को समझते हैं।

राज्य / देशबीघा की माप
उत्तर प्रदेश27225 वर्ग फुट
बिहार27225 वर्ग फुट
राजस्थान27225 वर्ग फुट
हरियाणा27225 वर्ग फुट
पंजाब9070 वर्ग फुट
उत्तराखण्ड6804 वर्ग फुट
मध्यप्रदेश12000 वर्ग फुट
झारखण्ड27211 वर्ग फुट
हिमाचल प्रदेश8712 वर्ग फुट
पश्चिम बंगाल14348 वर्ग फुट
गुजरात17427 वर्ग फुट
नेपाल72900 वर्ग फुट
फिजी43460 वर्ग फुट
बांग्लादेश14400 वर्ग फुट

पक्का बीघा क्या है ? और कच्चा बीघा क्या है ?

पक्का बीघा का प्रयोग व्यापक रूप से किया जाता था। इस बीघा का एक बड़े क्षेत्र या राज्य के लिए एक मानक रूप या पैमाना होता था। जबकि कच्चा बीघा का उपयोग आमतौर पर जमींदारों द्वारा अपने किरायेदारों या पट्टेदारों के साथ काम करते समय किया जाता था। दोनों माप शुरुआती जमींदारों द्वारा ‘मानकीकृत’ किए गए थे और हर जगह अलग-अलग थे। इसको एक उदाहरण के द्वारा समझा जा सकता है कि जैसे किसी जमींदार को राजा या सरकार से 1 बीघा (पक्का) ज़मीन देखरेख करने को मिली तो जमींदार को लगान 1 बीघा का देना होता है, परन्तु जमींदार अपने लाभ के लिए उस 1 बीघा (पक्का) को 3 या 4 बीघा (कच्चा) के हिसाब से उठाता था जिससे उसे तीन-चार गुना लगान प्राप्त होता था। कालान्तर में यही दोनों प्रकार के बीघा क्षेत्रों के आधार पर चलन में आ गये।

Leave a Comment

चैट खोलें
1
मदद चाहिए ?
Scan the code
हम आपकी किस प्रकार सहायता कर सकते हैं ?