डेली करेंट अफेयर्स 4 नवंबर 2022 | Daily Current Affairs in Hindi

CRPF में दो महिला अधिकारी प्रोन्नत, देश का 53वां टाइगर रिजर्व बना रानीपुर, ओडिशा तट से बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर का परीक्षण, इला भट्ट का निधन, गुजरात चुनाव की तिथियों की घोषणा…

CRPF में दो महिला अधिकारी प्रोन्नत

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने दो महिला अधिकारियों सीमा धुंडिया और एनी अब्राहम को महानिरीक्षक रैंक पर पदोन्नत किया है। ये दोनों महिला अधिकारी 1986 ई. में CRPF में शामिल हुई थीं। देश में पहली बार कोई महिला महानिरीक्षक रैपिट एक्शन फोर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का नेतृत्व करेंगी।  

रानीपुर टाइगर रिजर्व घोषित –

उत्तर प्रदेश के रानीपुर को देश का 53वां टाइगर रिजर्व घोषित किया गया है। यह बुंदेलखण्ड क्षेत्र का पहला एवं उत्तर प्रदेश का चौथा टाइगर रिजर्व है। यह चित्रकूट में 529 वर्ग किलोमीटर में विकसित होगा। वर्तमान में रानीपुर वन्यजीव विहार के तहत 230 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्रफल आता है। इसमें 299 वर्ग किलोमीटर का और क्षेत्र जोड़ा जाएगा। इसके लिए 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत धनराशि राज्य सरकार देगी। उत्तर प्रदेश में इससे पहले तीन दुधवा, अमानगढ़, व पीलीभीत टाइगर रिजर्व हैं।

बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर

भारत ने ओडिशा तट से बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। इसका परीक्षण ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। यह दुश्मनों की मिसाइलों व विमानों को मार गिराने में सक्षम है। इससे देश की रक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

इला भट्ट का निधन

गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता एवं देश की प्रख्यात शिक्षाविद् इला भट्ट का 89 वर्ष की अवस्था में अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। इन्होंने 1972 ई. में Self Employed Women Association (SEWA) की स्थापना की थी। इन्हें पद्म भूषण, रैमन मैग्सेसे, इंदिरा गांधी शाति पुरस्कार जैसे बहुत से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इन्हें 1977 ई. में रैमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 1986 ई. में राइट लाइवलीहुड पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 2011 में इन्हें गांधी शाति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

गुजरात चुनाव की घोषणा

निर्वाचन आयोग ने गुजरात विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी है। गुजरात में ये चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इसकी घोषणा की। गुजरात में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को मतदान होंगे। पहले फेज में 89 सीटों के लिए और दूसरे फेज में 93 सीटों के लिए मतदान होंगे। गुजरात की वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी 2023 को समाप्त हो रहा है।

Leave a Comment

चैट खोलें
1
मदद चाहिए ?
Scan the code
हम आपकी किस प्रकार सहायता कर सकते हैं ?