डेली करेंट अफेयर्स 8 सितंबर 2022 | Daily Current Affairs in hindi

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन, तेलुगू फिल्म अभिनेता तनिकेला भरणी लोकनायक फाउंडेशन साहित्य पुरस्कार से सम्मानित, सुरेश रैना ने की आईपीएल से संन्यास की घोषणा, फर्रुखाबाद जेल के खाने को FSSAI की 5 स्टार रेटिंग, महेश वी. अय्यन बने महानगर गैस के अध्यक्ष, उत्तराखंड सरकार ने लांच किया समर्थ ई-गवर्नेंस पोर्टल, फिल्म अभिनेता सुदीप बने कर्नाटक सरकार की योजना के ब्रांड एम्बेसडर…

महारानी एलिजाबेथ का निधन –

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 8 सितंबर 2022 को स्कॉटलैंड के बालमोरल में 96 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। इसकी घोषणा बर्किंघम पैलेस द्वारा कर दी गई है। ये यूनाइटेड किंगडम के साथ 14 अन्य देशों की भी महारानी थीं। इनका जन्म 21 अप्रैल 1926 को हुआ था। इनका पूरा नाम एलिजाबेथ एलेक्जेंडर मैरी विंडसर था। महारानी के तौर पर ब्रिटेन पर इनका शासनकाल सबसे लम्बा रहा। साथ ही वे सबसे उम्रदराज महारानी भी थीं। ये सिर्फ 25 वर्ष की अवस्था में ब्रिटेन की महारानी बनीं। ये 5 फरवरी 1952 से ब्रिटेन की महारानी थीं। इस प्रकार महारानी के तौर पर इनका शासनकाल 70 वर्षों से अधिक का रहा। अब इनके सबसे बड़े बेटे किंग चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए राजा होंगे। साथ ही उनके पोते प्रिंस विलियम अब ब्रिटेन के युवराज होंगे। दो दिन पहले ही महारानी द्वारा लिज ट्रस को ब्रिटेन की प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था।

तनिकेला भरणी

साउथ इंडियन फिल्म अभिनेता तनिकेला भरणी को लोकनायक फाउंडेशन साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार को सामान्य रूप से आंध्र ज्ञानपीठ के नाम से जाना जाता है। इसके साथ 2 लाख रुपये की धनराधि प्रदान की जाती है। इन्हें यह सम्मान आंध्र प्रदेश की राजधानी विशाखापट्टनम के कलाभारतीय सभागार में आयोजित एक समारोह के दौरान प्रदान किया गया। मिजोरम के राज्यपाल कंबंमपति हरिबाबू ने इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। तनिकेला भरणी एक भारतीय फिल्म अभिनेता, पटकथा लेखक, कवि, नाटककार व निर्देशक हैं। ये अब तक 750 से ज्यादा तमिल, तेलुगू(सर्वाधिक), हिन्दी व कन्नड़ फिल्मों में काम कर चुके हैं। ये 3 आंध्र प्रदेश राज्य नंदी पुरस्कार जीत चुके हैं।

सुरेश रैना ने लिया IPL से संन्यास –

35 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास लेने की घोषणा की है। ये अगस्त 2020 में ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इसके बाद इन्होंने आईपीएल के लिए घरेलू मैच खेलना जारी रखा था। लेकिन अब आईपीएल से भी संन्यास की घोषणा के बाद इनके क्रिकेट कैरियर का अंत हो गया है। लेकिन अब ये विदेशों में होने वाली टी-20 लीग के लिए योग्य हो गए हैं। ये साल 2011 में क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इन्होंने अपना आखिरी मैच अक्टूबर 2021 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अबू धाबी में खेला था। लेकिन साल 2022 में होने वाले आईपीएल में किसी टीम ने इन्हें नहीं खरीदा।

फर्रुखाबाद जेल के खाने को 5 स्टार रेटिंग

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के खाने को FSSAI की ओर से 5 स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। यहाँ बंद 1100 से अधिक कैदियों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सबसे बेहतर है। यह प्रमाणपत्र 18 अगस्त 2022 तक वैध होगा। जेलर अखिलेश कुमार के अनुसार जेल में शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसा जाता है। हर रोज कैदियों को अलग-अलग तरह का खाना दिया जाता है, बदल बदलकर दालें बनाई जाती हैं। नाश्ते में बारी-बारी चना, पाव रोटी, और दलिया परोसा जाता है। इसके साथ ही जेल में खाना बनाने के पारंपरिक स्थान पर रोटी बनाने, सब्जी काटने व आंटा गूंथने का काम मशीनों से किया जाता है।

महेश वी. अय्यर बने महानगर गैस के अध्यक्ष

महानगर गैस लिमिटेड ने महेश वी अय्यर को अपना नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले ये गेल लिमिटेड में निदेशक के तौर पर अपनी सेवा दे चुके हैं। इन्हें इस क्षेत्र में 36 वर्षों का अनुभव है।  

समर्थ ई-गवर्नेंस पोर्टल –

उत्तराखंड की राज्य सरकार ने शिक्षा में व्यापक सुधार के लिए समर्थ नाम से एक ई-गवर्नेंस पोर्टल की शुरुवात की है। इसे राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत द्वारा शुरु किया गया।

मंथन सम्मेलन –

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी कर्नाटक के बेंग्लुरु में तीन दिवसीय मंथन सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी –

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ छत्तीसगढ़ राज्य का 29वां जिला बना। पहले राजनांदगाँव इतना बड़ा था कि दूसरी छोर पर बसे लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुँचने में शाम हो जाती थी। यह लोगों के लिए 170 किलोमीटर पड़ता था। इसी को मद्देनजर रखते हुए जिले का विभाजन कर नये जिले की घोषणा की गई। नवीन बने जिले में जाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रोड शो किया।

साल के अंत तक 300 नई शाखाएं खोलेंगे सरकारी बैंक

इसी साल के अंत में दिसंबर 2022 तक देश के नॉन-बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी बैंकों द्वारा 300 से अधिक शाखाएं खोली जाएंगी। ये ब्रांच ऐसे 3000 से अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को कवर करेंगीं जिनके पास अपने वित्तीय संस्थान नहीं हैं। इनमें से सर्वाधिक (95) शाखाएं राजस्थान में खोली जाएंगी।  

सुदीप बने कन्नड़ सरकार की योजनाओं के एम्बेसडर

कर्नाटक सरकार ने कन्नड़ फिल्म अभिनेता किच्चा सुदीप को अपनी पुण्यकोटि दत्तू योजना के लिए ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है। अभिनेता इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेंगे। यह योजना मवेशी गोद लेने से संबंधित एक कार्यक्रम है। सुदीन ने अपने अभिनय करियर की शुरुवात 1997 ई. में फिल्म थायव्वा से की थी। अभिनेता के साथ ये एक स्क्रीन राइटर, गायक, व निर्देशक भी हैं।

Leave a Comment

चैट खोलें
1
मदद चाहिए ?
Scan the code
हम आपकी किस प्रकार सहायता कर सकते हैं ?