अखिलेश यादव का जीवन परिचय

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव का जीवन परिचय –

जन्म व प्रारंभिक जीवन

अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। इनके पिता मुलायम सिंह यादव एक दिग्गज नेता हैं और 3 बार उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इनके पिता ने 2 शादियां की। इनकी माता का नाम मालती देवी है, जिनका देहांत 2003 में हो गया।

शिक्षा

इन्होंने राजस्थान मिलिट्री स्कूल धौलपुर से शिक्षा ग्रहण की। एसo जेo कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग मैसूर ( कर्नाटक ) से इन्होंने अभियांत्रिकी में स्नातक ( बी.ई. ) की उपाधि प्राप्त की। बाद में वे सिडनी विश्वविद्यालय ( आस्ट्रेलिया ) चले गए और पर्यावरण अभियांत्रिकी में पोस्ट ग्रेजुएशन की।

वैवाहिक जीवन

इनकी पत्नी का नाम डिम्पल यादव है। 1978 में पुणे ( महाराष्ट्र ) में कर्नल एस सी रावत के घर जन्मीं डिम्पल कन्नौज से निर्विरोध सांसद चुनी गयीं। रावत उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के निवासी हैं। डिम्पल यादव ने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक किया है। यहीं पर उनकी मुलाकात अखिलेश यादव से हुयी। दोनों में मित्रता हुयी, प्यार हुआ। इसके बाद 24 नवंबर 1999 को इन दोनों ने शादी कर ली।

राजनीतिक जीवन

सन 2000 में 13 वीं लोकसभा के उपचुनाव में 27 वर्ष की अवस्था में पहली बार सांसद बने। अखिलेश ने मई 2009 में हुए लोकसभा के उपचुनाव में संसदीय सीट फिरोजाबाद से चुनाव लड़ा और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार एस पी एस बघेल को 67301 वोटों से शिकस्त देकर जीत हासिल की। इसके अतिरिक्त ये कन्नौज सीट से भी जीते। बाद में फिरोजाबाद सीट से इस्तीफ़ा दे दिया और लोकसभा में कन्नौज का प्रतिनिधित्व करना स्वीकार किया।

प्रमुख पद

  • सन 2000 में लोकसभा की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व सार्वजानिक वितरण कमेटी के सदस्य बने।
  • 2000-01 में आचार समिति के सदस्य बने।
  • 2002-04 विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी व वन एवं पर्यावरण कमेटी के सदस्य।
  • 14 वीं लोकसभा (2004-09) के सदस्य चुने गए, प्राक्कलन समिति के सदस्य बने, शहरी विकास समिति के सदस्य बने, सांसदों के लिए कम्प्यूटर का प्रावधान करने वाली कमेटी के मेम्बर बने।
  • 5 अगस्त 2007 को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी व वन एवं पर्यावरण कमेटी के सदस्य बने।
  • 2009 में 15वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए।
  • 2009-12 विज्ञान एवं तकनीकी, पर्यावरण एवं वन व 2G स्पेक्ट्रम घोटाला की जांच वाली जेपीसी ( JPC ) के सदस्य बने।
  • 10 मार्च 2012 समाजवादी पार्टी विधायक दल के नेता चुने गए।

मुख्यमंत्री के तौर पर

15 मार्च 2012 से 19 मार्च 2017 तक

मार्च 2012 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 403 में से 224 सीटें प्राप्त कर मात्र 38 वर्ष की अवस्था में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बने। 15 मार्च 2012 को तात्कालिक राज्यपाल बीo एलo जोशी के समक्ष उत्तर प्रदेश के 31 वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति भी बने।

स्थाई पता

4, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ, उत्तर प्रदेश

Leave a Comment

चैट खोलें
1
मदद चाहिए ?
Scan the code
हम आपकी किस प्रकार सहायता कर सकते हैं ?