समसामयिकी जून 2019 (Current Affairs May 2019)

समसामयिकी जून 2019 (Current Affairs May 2019) – वर्ष 2019 के जून माह में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय राजनैतिक, आर्थिक, खेल आदि से सम्बन्धित महत्वपूर्ण घटनाक्रम, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन से जुड़े समाचार तथा करंट अफेयर्स क्विज –

S-400 डिफेन्स प्रणाली सौदा –

भारत ने रूस के साथ अक्टूबर 2018 में S-400 रक्षा प्रणाली का सौदा किया था। परन्तु अमेरिका ने अब इस डील पर अपनी नाराजगी जताई है। ट्रम्प ने चेतावनी के तौर पर कहा कि यह सौदा भारत-अमेरिका रिश्ते पर गंभीर असर डाल सकता है। अमेरिका ‘काट्सा कानून’ के तहत अपने दुश्मन देश से किये गए किसी अन्य देश द्वारा सौदे पर प्रतिबन्ध लगा सकता है।

चीन ने अमेरिकी उत्पादों पर 25% तक टैरिफ बढ़ाया –

ट्रेड के छिड़े वार में चीन ने अमेरिका के जवाब में उसके उत्पादों पर 25% तक टैरिफ बढ़ा दिया है। चीन ने अमेरिका से होने वाले 60 अरब डॉलर तक के व्यापार पर 25% टैरिफ की वृद्धि कर दी है। इससे पहले अमेरिका ने चीन से आयातित 200 अरब डॉलर के उत्पादों पर टैरिफ में वृद्धि की थी।

श्रीलंका को कोलंबो ब्लास्ट की चेतावनी दी थी भारत ने –

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना ने कहा कि भारत ने कोलम्बो ब्लास्ट से 15 दिन पहले ही इसकी सूचना दे दी थी लेकिन अधिकारीयों ने यह जानकारी उन्हें नहीं दी। कोलंबो में बीते 21 अप्रैल को सिलसिलेबार आठ बम धमाके हुए थे। इसकी आशंका जताते हुए भारतीय खुपिया एजेंसियों ने 04 अप्रैल को ही श्रीलंकाई अधिकारीयों को रिपोर्ट भेजी थी।

पंजाब सरकार ने हाइजीन रेटिंग के बिना ऑनलाइन फ़ूड सप्लाई पर लगाई रोक –

पंजाब सरकार ने ‘तंदुरुस्त पंजाब मिशन’ के तहत पंजाब में हाइजीन रेटिंग के बिना ऑनलाइन फ़ूड सप्लाई पर रोक लगा दी है। इसके तहत पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा ऑनलाइन खाद्य सामग्री की सप्लाई करने वाली कंपनियों को निर्देश जारी किये हैं।

अमेरिका में सऊदी के फर्जी प्रिंस का भांडाफोड़ –

अमेरिका में पिछले 30 वर्षों से सऊदी का फर्जी प्रिंस बनकर रहने वाले एक ठग का मामला सामने आया है। यह अब तक निवेशकों से 80 लाख डॉलर की रकम ठग चुका है। एंथोनी गिगनिक नामक इस शख्स को फ्लोरिडा की अदालत ने धोखाधड़ी के मामले में 18 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।

NIA ने किया भारत में नए  रास्ते से ISI द्वारा नकली नोट भेजे जाने का दावा –

NIA के अनुसार अब ISI और D कंपनी भारत में नकली नोटों के खेंप भेजने के लिए नेपाल की बजाय बांग्लादेश के रस्ते का इस्तेमाल कर रही है। काफी समय से नकली नोट भेजने का धंधा ठप्प पड़ा था। परन्तु अब फिर से ये गिरोह सक्रिय हो गए हैं।

अजीत डोभाल पुनः चुने गए भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार –

केंद्र सरकार ने अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर लिया है। इसके साथ ही इन्हें केबिनेट रैंक का दर्जा भी प्राप्त हो गया है। इस पद पर उनकी नियुक्ति अगले 5 वर्ष के लिए की गयी है।

03 से 07 जून तक मनाया जायेगा वित्तीय साक्षरता सप्ताह –

रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने 03 से 07 जून तक वित्तीय साक्षरता सप्ताह मनाने की घोषणा की है। इस वर्ष के लिए RBI का विषय है “किसान और वे किस प्रकार औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से लाभान्वित हो रहे हैं।”

गलत दिशा में जाकर टकराई ड्राइवर रहित ट्रेन –

यह हादसा जापान की राजधानी टोक्यो में हुआ। जब एक ड्राइवर रहित ट्रेन गलत दिशा में चली गयी और ट्रैक को बंद करने वाले बफर स्टॉप से टकरा गयी। इस हादसे में 14 यात्री घायल हो गए। इस लाइन पर पिछले 30 वर्षों से ड्राइवर रहित ट्रेन का संचालन हो रहा है। परन्तु ये पहली बार है जब इस तरह का हादसा हुआ।

श्रीलंका के सभी मुस्लिम मंत्रियों ने दिया इस्तीफ़ा –

कोलंबो बम धमाकों पर उठे विवाद के बाद इस तरह के सामूहिक इस्तीफे का मामला सामने आया है। दरअसल बम कांड के बाद श्रीलंका के एक मुस्लिम मंत्री और एक गवर्नर के इस्तीफे की मांग उठी थी। इन पर बम कांड के संदिग्धों के साथ संबंध होने का आरोप लगाया गया। इसी से हताश होकर कल 03 जून को सभी 09 मुस्लिम मंत्रियों और दो गवर्नरों ने इस्तीफ़ा दे दिया। श्रीलंका में मुस्लिमों की आबादी लगभग 9% है।

इजराइल के राष्ट्रपति की पत्नी का निधन –

इजराइल के राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन की पत्नी नेचामा रिवलिन का निधन हो गया है। उनके फेफड़ों ने प्रतिरोपण के तीन माह बाद काम करना बंद कर दिया। इनका विवाह सन् 1971 में हुआ था।

असम सरकार ने पंचायत प्रमुख की उम्र सीमा घटाई –

असम सरकार ने पंचायत प्रमुख बनने की निम्नतम सीमा को घटाने का निर्णय लिया है। अब तक पंचायत प्रमुख बनने की न्यूनतम आयु 35 वर्ष निर्धारित थी। असम सरकार ने इसे घटाकर 25 वर्ष करने का निर्णय लिया है। साथ ही इस पद पर आसीन होने के लिए अधिकतम 2 बच्चे होने का प्रावधान बना रहेगा।

भारत के युसूफ अली बने UAE के पहले अप्रवासी स्थाई नागरिक –

भारत के केरल में जन्मे युसूफ अली संयुक्त अरब अमीरात के स्थाई नागरिक बनने वाले पहले अप्रवासी बन गए हैं। लुलु ग्रुप के मालिक युसूफ अली एक अरबपति हैं। वीजा से इतर ‘गोल्ड कार्ड’ UAE में अप्रवासियों को स्थाई निवास की अनुमति देता है।

विश्व पर्यावरण दिवस –

विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुवात विश्व में बढ़ रहे ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के खतरों से चिंतित होकर की गयी। यह प्रत्येक वर्ष विश्व भर में 05 जून को मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का सुझाव पहली बार सन् 1972 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के मानव पर्यावरण विषय पर हुए एक आयोजन में दिया गया था। विश्व पर्यावरण दिवस पहली बार 05 जून 1974 को मनाया गया था। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस 2019 की थीम ‘वायु प्रदूषण’ है।

ब्रह्मोस सुपर सोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण –

सुपर सोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर एकीकृत परीक्षण रेंज से मंगलवार को किया गया। इसकी मारक क्षमता 290 किमी है।

चीन ने पहली बार समुद्र के जहाज से लांच किया अंतरिक्ष रॉकेट –

चीन ने इस बार समुद्र में स्थित प्लेटफार्म से अंतरिक्ष में अपना पहला रॉकेट प्रक्षेपित किया है। ऐसा करने वाला चीन विश्व का तीसरा देश बन गया है। इससे पहले अमेरिका और रूस ऐसा कर चुके हैं। यह लॉन्ग मार्च कॅरियर सीरीज का 306वां अभियान है। इसे बीजिंग स्थित ‘चाइना 125’ नामक टेक्नोलॉजी कंपनी ने बनाया है।

माउंट एवेरेस्ट पर स्वच्छता अभियान के तहत 11 हजार किलो कचरा और चार शव बरामद –

माउंट एवरेस्ट विश्व की सबसे ऊँची चोटी होने के कारण हर साल अनगिनत पर्वतारोही इस पर झंडा गाड़ने जाते हैं। परन्तु साथ ही वे अपने साथ ले जाने वाली चीजें जैसे- रस्सी, प्लास्टिक बोतल, टूटी सीढ़ी, टेंट, ऑक्सीजन बोतल, पैमाने, और अन्य पैकिंग की पन्नियाँ इत्यादि वहीं फेंक आते हैं। इन्हे ही बापस लाने के लिए यहाँ पर अब स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

चीन के राष्ट्रपति रूस की यात्रा पर साथ लेकर गए पांडा –

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस समय रूस के आधिकारिक दौरे पर हैं। वे रूस जाते वक्त अपने साथ दो पांडा भी लेकर गए। हाल के वर्षों में चीन ने उन्ही देशों को पांडा दिए हैं जिनके साथ बड़ा व्यापारिक समझौता हुआ है।

भारतीय मौसम विभाग अब जिला स्तर पर जानकारी देगा –

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अब जिला स्तर पर जानकारी देने की योजना बनाई है। IMD सन् 2020 तक देश के सभी जिलों की जिला स्तर पर मौसम की जानकारी देने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है।

मोदी ने किया नीति आयोग का पुनर्गठन –

भारत के प्रधानमंत्री और नीति आयोग के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी ने कल 06 जून को नीति आयोग के पुनर्गठन को मंजूरी प्रदान कर दी है। आधिकारिक जानकारी के आधार पर राजीव कुमार को पुनः उपाध्यक्ष बनाया गया है। गृह मंत्री अमित शाह इसके पदेन सदस्य होंगे। नीति आयोग का गठन 01 जनवरी 2015 को योजना आयोग के स्थान पर किया गया था। आयोग के अन्य सदस्यों में राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हैं। इनके अतिरिक्त नितिन गडकरी, थावर चंद्र गहलोत, पीयूष गोयल, राव इंद्रजीत सिंह इसमें आमंत्रित सदस्य होंगे।

थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री को दो साल की सजा –

थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनवात्रा को वहां के उच्चतम न्यायलय की एक शाखा ने दो साल की सजा सुनाई है। उन्हें यह सजा एक लाटरी प्रोग्राम के संबंध में सुनाई गयी है।

श्रीलंका में एक मुस्लिम डॉक्टर पर 4000 बौद्ध महिलाओं की नसबंदी करने का आरोप –

अव्यवस्था के दौर से गुजर रहे श्रीलंका में एक बार फिर बौद्ध और मुस्लिमों के बीच तनाव की स्थिति बन गयी है। हाल ही में वहां एक डॉक्टर द्वारा लगभग 4000 बौद्ध महिलाओं की नसबंदी करने का मामला सामने आया है। यह खबर फैलते ही एक बार फिर वहां अराजकता का माहौल कायम हो गया है। यह खबर वहां के एक अख़बार ‘डिवाइन’ द्वारा 23 मई को छापी गयी। साथ ही इस डॉक्टर को आतंकी संगठन नेशनल तौहीद जमात का सदस्य भी बताया गया। जब भी कोई महिला बच्चा पैदा होने के लिए हॉस्पिटल आती तो ये डॉक्टर बच्चा पैदा होने के बाद महिला की नसबंदी भी कर देता था। इस आरोप की अभी तक पुष्टि नहीं हुयी है। परन्तु एक महिला ने सामने आकर डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराइ है। इस डॉक्टर ने 11 साल पहले इस महिला का ऑपरेशन द्वारा बच्चा पैदा कराया था। तभी से उनकी दूसरी संतान पैदा नहीं हुयी।

नेपाल के पशुपति नाथ मंदिर ने अपनी संपत्ति की सार्वजनिक –

हाल ही में नेपाल के प्रसिद्ध पशुपति नाथ मंदिर ने अपनी संपत्ति को सार्वजनिक किया है। मंदिर के पास कुल 9 किलो ग्राम सोना और 1.29 अरब कैश की संपत्ति है। यह नेपाल के साथ भारतीय श्रद्धालुओं का भी तीर्थ स्थल है। यहाँ भारत व नेपाल के लाखों श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहता है।

चीन में कैदियों के लिए ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म की शुरुवात –

चीन के गुआंगडाँग प्रदेश में एक नई पहल देखने को मिली है। यहाँ के कैदियों को जेल में ही ऑनलाइन खरीदारी का मौका दिया जायेगा। इसके लिए प्रत्येक माह में 3000 रूपये की खरीदारी की सीमा निर्धारित की गयी है। प्रशासन द्वारा पहले ही जनवरी से अप्रैल के बीच पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में इसका प्रयोग किया जा चुका है। यह पायलेट प्रोजेक्ट साफल रहा।

मोदी को मिला मालदीव का सर्वोच्च नागरिक सम्मान –

अब मालदीव ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद के हवाले से यह जानकारी प्राप्त हुयी है। इन्होंने कहा कि मालदीव के राष्ट्रपति ने मोदी जी को सम्मानित करने की घोषणा की है। इन्हें मालदीव के सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इजुद्दीन‘ से सम्मानित किया जायेगा। इससे पूर्व इन्हें UAE और रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

दूसरे कार्यकाल के बाद मोदी की पहली विदेश यात्रा मालदीव की –

लोकसभा चुनाव 2019 में भारी मतों से जीत हांसिल करने के बाद मोदी ने PM के रूप में दूसरे कार्यकाल की शपथ ग्रहण की। इसके बाद वे विदेशी दौरे पर मालदीव के लिए रवाना हो गए। दूसरे कार्यकाल के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। ध्यातव्य है की 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने पहली विदेश यात्रा भूटान की की थी।

श्रीलंका पहुंचे नरेंद्र मोदी –

कोलंबो हमले के बाद से ही श्रीलंका उथल-पुथल की स्थिति से गुजर रहा है। कोलंबो हमले के बाद श्रीलंका पहुंचने वाले किसी अन्य देश के मोदी पहले राजकीय नेता हैं। आज इन्होने श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना से मुलाक़ात की। मोदी जी ने कोलंबो हमले में मरने वालों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति भवन में अशोक का पौधा भी लगाया।

नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) को मिला राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा –

मेघालय की नेशनल पीपल्स पार्टी ने हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय पार्टी होने की सभी शर्तें पूरी कर ली हैं। चुनाव आयोग ने इसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दे दिया है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य की यह ऐसी पहली पार्टी बन गयी है जिसे राष्ट्रीय पार्टी बनने का गौरव हांसिल हुआ है। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड की अध्यक्षता वाली इस पार्टी ने सभी अर्हताओं को पूरा कर लिया है। यह पार्टी NDA की सहयोगी पार्टी है। इसे अब तक अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर में राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा प्राप्त था।

Leave a Comment

चैट खोलें
1
मदद चाहिए ?
Scan the code
हम आपकी किस प्रकार सहायता कर सकते हैं ?