समसामयिकी अक्टूबर 2019 ( Current Affairs October 2019 )

समसामयिकी अक्टूबर 2019 (Current Affairs October 2019) – वर्ष 2019 के अक्टूबर माह में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय राजनैतिक, आर्थिक, खेल आदि से सम्बन्धित महत्वपूर्ण घटनाक्रम, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन से जुड़े समाचार तथा करंट अफेयर्स क्विज –

आईआईटी मद्रास के 56वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए मोदी-

मानव संशाधन मंत्रालय द्वारा जारी NIRF रैंकिंग में आईआईटी मद्रास लगातार चौथी बार शीर्ष स्थान पर जगह बनाने में कामयाब रहा। कल 30 सितंबर को आयोजित संस्थान के दीक्षांत समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया। इस दौरान मोदी ने छात्रों से कहा कि वे दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न काम करें पर अपने देश की जरूरतों को सदा याद रखें। 2019 का चुनाव जीतने के बाद यह मोदी की इस राज्य की पहली यात्रा है। आईआईटी मद्रास की स्थापना साल 1959 में हुई थी।

स्कूली शिक्षा गुणवत्ता सूचकांक-

नीति आयोग द्वारा जारी देश के 20 वड़े राज्यों के इस सूचकांक में केरल को स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता हेतु शीर्ष स्थान दिया गया है। इसके बाद क्रमशः राजस्थान, कर्नाटक का नंबर आता है। इस सूचकांक में सबसे निचले पायदान पर पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश हैं। नीति आयोग ने साल 2016-17 के आंकड़ों के आधार पर इस सूचकांक को तैयार किया। इस सूची को तीन भागों में विभाजित किया गया है। बड़े राज्य, छोटे राज्य औऱ केंद्र शासित प्रदेश।

अंतरराष्ट्रीय कॉफी दिवस –

अंतरराष्ट्रीय कॉफी दिवस विश्व भर में प्रति वर्ष 1 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसको मनाये जाने का कारण उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त करना है, जो कॉफी को उगाने से लेकर हम तक पहुंचाने में कड़ी मेहनत करते हैं। साथ ही इसका उद्देश्य कॉफी पेय को बढ़ावा देना भी है। अंतरराष्ट्रीय कॉफी संगठन ने साल 2014 में इस दिवस को प्रति वर्ष 1 अक्टूबर को मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद वर्ष 2015 में मिलान (इटली) में पहली बार विश्व कॉफी दिवस का आयोजन किया गया था। अंतरराष्ट्रीय कॉफी संगठन की स्थापना साल 1963 में हुई थी।

वाईएसआर कांग्रेस के नेता टी. रामरेड्डी का निधन –

वाईएसआर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी. रामरेड्डी का 84 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। वे अनापारती विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं।

गाँधी जी की 151वीं जयंती-

आज 2 अक्टूबर 2019 को देश भर में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की 151वीं जयंती मनाई जा रही है। उनका जन्म आज से 150 वर्ष पूर्व 1869 में आज ही के दिन 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। इस तिथि को प्रति वर्ष अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इनके जन्म दिवस के अवसर पर इस बार राजस्थान सरकार ने तंबाकू और पान मसाले पर प्रतिबंध लगा दिया। महाराष्ट्र औऱ बिहार के बाद यह प्रतिबंध लगाले वाला राजस्थान तीसरा राज्य बन गया है।

निजाम फंड केस-

हाल ही में ब्रिटेन की अदालत ने निजाम की करोड़ों की संपत्ति पर भारत औऱ निजाम के वंशजों का हक बताकर पाकिस्तान का दावा खारिज किया है। यह फैसला ब्रिटेन के एक जज मार्कस स्मिथ ने दिया। हैदराबाद के सातवें निजाम मीर उस्मान अली खान की संपत्ति पर पाकिस्तान ने अपना हक जताया था। निजाम ने लंदन में स्थित नेटवेस्ट बैंक में लगभक एक मिलियन पाउंड की राशि जमा की थी, जो कि बढ़कर अब 35 मिलियन पाउंड हो गई है। भारत और पाकिस्तान के बीच इस संपत्ति के दावे को लेकर पिछले 70 सालों से विवाद चल रहा है।

सुरजीत भल्ला आईएमएफ में कार्यकारी निदेशक नियुक्त-

हाल ही में केंद्र सरकार ने अर्थशास्त्री सुरजीत भल्ला को अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष में भारत की ओऱ से एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया है। इस पद पर ये सुबीर गोकर्ण की जगह संभालेंगे। सुबीर गोकर्ण का इसी साल 30 जुलाई को अमेरिका में निधन हो गया था। इस पद पर इनका कार्यकाल सामान्यतः तीन साल के लिए होगा।

तमिलनाडु में 2600 साल पुरानी ईंटों की चार दीवारें मिली-

तमिलनाडु के शिवलांग जिलें के कीलडी में भारतीय पुरातत्व विभाग को ईंटों से बनीं चार दीवारे मिली हैं। भारतीय पुरातत्व विभाग साल 2015 से वैगई नदी के तट पर स्थित इस स्थान पर खुदाई कर रहा है। खुदाई के पांचवें चरण में विभाग को यह कामयाबी हासिल हुई है। खुदाई के समय मिली चीजें संगम काल की हैं। खुदाई शुरु होने से लेकर अब तक इस स्थान से लगभग 14500 चीजें मिल चुकी हैं।

मल्लिकार्जुन राव बने पीएनबी के एमडी औऱ सीईओ-

केंद्र सरकार ने हाल ही में मल्लिकार्जुर राव को पंजाब नेशनल बैंक का मुख्य कार्यकारी अधिकारी औऱ प्रबंधन निदेशक नियुक्त किया है। इससे पहले ये इलाहाबाद बैंक में इन्हीं पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इन्होंने साल 1985 मे बैंक पीओ के तौर पर अपने करियर की शुरुवात की थी।

ओपेक से अलग होगा इक्वाडोर-

दक्षिण अमेरिका महाद्वीप पर अवस्थित देश इक्वाडोर ने हाल ही में तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) से अलग होने की घोषणा कर दी है। इक्वाडोर के ऊर्जा मंत्रालय द्वारा यह घोषणा की गई कि जनवरी 2020 में वह इस समूह से देश अलग हो जाएगा। देश इस संगठन से साल 1973 में जुड़ा था। इसके बाद साल 1992 में यह इस संगठन से बाहर हो गया और इसके बाद साल 2007 में पुनः संगठन में शामिल हो गया।

दिल्ली में बनेगा पहला खेल विश्वविद्यालय-

हाल ही में दिल्ली की राज्य सरकार ने दिल्ली में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय बनाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसकी स्थापना सरकार मुंडका में 90 एकड़ क्षेत्र में करेगी। केजरीवाल ने इसकी स्थापना के बाद राज्य में स्पोर्ट्स स्कूल औऱ कॉलेज खोलने की योजना की भी बात कही है।

सरबत द् भल्ला एक्सप्रेस-

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज 04 अक्टूबर 2019 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। इस रेल का संचालन नई दिल्ली से लुधियाना (पंजाब) के बीच होगा।

हांगकांग सरकार ने नकाब पहनने पर लगाया प्रतिबंध-

हांगकांग में सरकार ने मास्क पहनकर प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। 1 अक्टूबर को हुई हिंसक घटनाओं के बाद सरकार ने यह प्रतिबंध लगाया है।

देश की पहली प्राइवेट रेल तेजस को हरी झंडी-

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हाल ही मे तेजस को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। इस रेल का संचालन पूरी तरह से आईआरसीटीसी द्वारा किया जाएगा। इस रेल के सभी यात्रियों को 5 लाख का मुफ्त बीमा भी दिया जाएगा।

साल 2021 तक मिजोरम में होगी बड़ी लाइन-

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने हाल ही में मिजोरम में रेल की बड़ी लाइन बिछाने की घोषणा की है। यह कार्य वर्ष 2021 में होगा।

हममन प्रीत कौर-

भारतीय महिला क्रिकेटर हरमन प्रीत कौर हाल ही में 100 टी-20 मैच खेलने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इन्होंने यह उपलब्थि सूरत में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध खेलते हुए हासिल की। केवल महिला वर्ग में ही नहीं बल्कि पुरुष वर्ग को भी मिलाकर यह उपलब्थि हासिल करने वाली यह भारत की पहली क्रिकेटर हैं। ये साल 2016 से भारत की महिला क्रिकेट टीम की टी-20 मैच की कप्तान हैं। इन्होंने अपने टी-20 करियर की शुरुवात 11 जून 2009 को इंग्लैंड के विरुद्ध खेलकर की थी।

विश्व शिक्षक दिवस –

05 अक्टूबर को प्रति वर्ष दुनिया भर में विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विश्व भर में शिक्षकों की स्थिति को सुधारना है। इस दिवस को मनाने का निर्णय साल 1966 में यूनेस्को औऱ अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की एक संयुक्त बैठक में लिया गया था। इसके बाद साल 1994 में इस दिवस को मनाने की शुरुवात हूई।

प्रकाश पोर्टल-

हाल ही में केंद्र सरकार ने बिजली की समस्या ने निपटने हेतु प्रकाश पोर्टल की शुरुवात की है। इसका उद्देश्य बिजलीघरों को अच्छा कोयला उपलब्ध कराने हेतु सभी पक्षों में तालमेल बिठाना है।

विश्व कपास दिवस-

इस बार विश्व व्यापार संगठन द्वारा 07 अक्टूबर को जेनेवा में विश्व कपास दिवस की मेजवानी की जा रही है। इस कार्यक्रम का आयोजन 11 अक्टूबर तक होगा। इसमें देश विदेश के तमाम प्रतिनिधि औऱ संगठन हिस्सा लेंगे। इसमें कपास अर्थव्यवस्थाओं की चुनौतियों पर प्रकाश डाला जाएगा।

नोबेल पुरस्कार – 2019

चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल प्राइज देने के लिए इस बार तीन वैज्ञानिकों के नामों की घोषणा की गई है। इन वैज्ञानिकों में विलियम जी कायलिन जूनियर, सर पीटर जे रैडक्लिफ, ग्रेग एल सेमेंजा शामिल हैं। इनको यह पुरस्कार कोशिकाओं के काम करने के तरीके औऱ ऑक्सीजन उपलब्धता के ग्रहण करने को लेकर किये गए शोध हेतु प्रदान किया गया है।

भारत अब बांग्लादेश में स्थापित करेगा तटीय निगरानी रडार प्रणाली-

मालदीव के बाद अब भारत अपने दूसरे पड़ोसी देश बांग्लादेश में यह प्रणाली स्थापित करने जा रहा है। हाल ही में भारत ने बांग्लादेश के साथ बहुत से द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किये हैं।

हिम विजय-

हाल ही में भारतीय सेना ने अपने पहले पर्वतीय युद्ध अभ्यास ‘हिम विजय’ की शुरुवात की है। इस तरह का अभ्यास सैनिकों की विभिन्न परिस्थितियों में सार्थकता, गतिशीतलता औऱ संचार परीक्षण को जांचने के लिए किया जाता है। इसका आयोजन अरुणाचल प्रदेश में किया जा रहा है। भारत द्वारा किये जाने वाले इस युद्धाभ्यास का चीन विरोध कर रहा है। क्योंकि चीन अब भी अरुणाचल प्रदेश के बहुत बड़े भाग को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा मानता है। यह भारतीय रक्षा प्रणाली के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास है।

भारत में खोजी गई एशिया के सबसे पुराने बांस की किस्म-

हाल ही में भारत में एशिया के बांस की सबसे पुरानी प्रजाति को खोजा गया है। इसकी खोज असम राज्य के माकूप में की गई है।

विज्ञान धर्म औऱ दर्शन पर 5वां वैश्विक सम्मेलन-

इस बार इसका आयोजन भारत में पुणे में किया जा रहा है।

भारत का पहला टॉयलेट कॉलेज-

स्वच्छता की ओऱ लोगों का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से हाल ही में देश में एक टॉयलेट कॉलेज की शुरुवात की गई है। देश का यह पहला टॉयलेट कॉलेज महाराष्ट्र के औऱंगाबाद में बनाया गया है। इसमें सफाई कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वर्ल्ड कॉम्पिटिटिव इंडेक्स – 2019

विश्व आर्थिक मंच द्वारा जारी विश्व की प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की इस सूची में इस बार भारत को 68वां स्थान प्राप्त हुआ है। पिछले साल भारत 58वें स्थान पर था। इस बार भारत 10 पायदान नीचे लुढ़क गया। इस सूची में पहला स्थान सिंगापुर को प्राप्त हुआ है। इसके बाद क्रमशः अमेरिका, हांगकांग, नादरलैंड, स्विजरलैंड का नंबर आता है। स्विजरलैंड में स्थित विश्व आर्थिक फोरम एक गैर लाभकारी संगठन है। इसका मुख्यालय जेनेवा में स्थित है।

जीवन प्रत्याशा के मामले में भारत 109वें स्थान पर-

इस बार जीवन प्रत्याशा को परखने हेतु विश्व के 141 देशों को शामिल किया गया। इस सूची में भारत को 109वां स्थान प्राप्त हुआ है।

भौतिकी का नोबेल पुरस्कार-2019

इस बार भौतिका का नोबेल पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया है। ये वैज्ञानिक जेम्स पीबल, मिशेल मेयर, डिडिएर क्वेलोज हैं। यह पुरस्कार मुख्य रूप से जेम्स पीबल को दिया गया है, इन्हें इस पुरस्कार की राशि का आधा हिस्सा प्रदान किया जाएगा। बाकी का आधा हिस्सा मेयर और क्वेजोल को दिया जाएगा। जेम्स पीबल कनाडाई मूल के अमेरिकी नागरिक हैं। इनका जन्म कनाडा के विनिपेग में हुआ था। मिशेल स्विजरलैंड के वैज्ञानिक हैं, इन्होंने 51-पेगासी बी ग्रह की खोज की थी। डिडिएऱ क्वेलोज भी स्विजरलैंड से संबंधित है।

रसायन का नोबल पुरस्कार– 2019

इस बार रसायन विज्ञान में नोबल पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को लीथियम आयन बैटरी के विकास में अपनी भूमिका के लिए दिया गया। ये वैज्ञानिक अकीरा योशिनो, जॉन बी. गुडिनफ, औऱ एम. स्टेनले विटिंगम हैं। इनके कारण लीथियम बैटरी की क्षमता दोगुनी हो सकी। रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार अब तक कुल 5 महिलाओं को प्रदान किया जा चुका है।

जम्मू-कश्मीर से पर्यटकों के लिए हटा प्रतिबंध-

जम्मू-कश्मीर में पिछले दो माह से पर्यटकों के लिए लगे प्रतिबंध को हटा दिया गया है। 10 अक्टूबर से कश्मीर यात्रा को पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। यह घोषणा जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा 07 अक्टूबर को की गई सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद की गई। दो माह पुर्व केंद्र सरकार ने बड़े आतंकी हमले की आशंका के बाद यहां से अमरनाथ तीर्थ यात्रियों को तुरंत लौटने के लिए कहा था।

अबी अहमद अली को मिला 2019 का नोबेल शांति पुरस्कार-

इस बार शांति का नोबेल पुरस्कार इथोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को मिला है। इन्हें इनके शत्रु देश इऱिट्रिया के साथ शांति स्थापित करने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया। ये साल 2018 में इथोपिया के प्रधानमंत्री बने थे। इन्होंने प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में बहुत बड़े पैमाने पर उदारीकरण की शुरुवात की। इन्होंने तमाम विपक्षियों को जेल से रिहा कराया औऱ असंतुष्टों को देश में लौटने की इजाजत दी।

ओल्गा तोकार्कजुक औऱ पीटर हैंडेक को मिला 2019 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार-

इस बार साहित्य का नोबेल पुरस्कार दो साहित्यकारों ऑस्ट्रिया के पीटर हैंडेक औऱ पोलिश (पोलैण्ड की) लेखिका ओल्गा तोकार्जुक को प्रदान किया जाएगा। ओल्गा तोकार्जुक को पहले मानबुकर से भी सम्मानित किया जा चुका है।

पद्मश्री विजेता कादरी गोपालनाथ का निधन-

सैक्सोफोन वादक कादरी गोपलनाथ का कर्नाटक के मंगलूर में हाल ही में निधन हो गया है। इन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार औऱ कर्नाटक कलश्री समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इन्हें साल 2004 में तात्कालीन राष्ट्रपति अब्दुल कलाम द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।

फोर्ब्स इंडिया सूची – 2019

हाल ही में फोर्ब्स इंडिया 2019 सूची में भारत के 100 सबसे अमीर व्यक्तियों को जगह दी गई है। इस बार फिर रिलायंस इंजस्ट्री के प्रमुख मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति के तौर पर शीर्ष पर बने हुए हैं। ये 12वां वर्ष है जब वे देश के सबसे अमीर व्यक्ति चुने गए हैं। वर्तमान में इनकी कुल संपत्ति 51.4 बिलियन डॉलर है। मुकेश अंबानी के बाद इस सूची में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी हैं। साल 2018 में अजीम प्रेमजी दूसरे स्थान पर थे, जो इस बर 17वें पायदान पर हैं। इस सूची में इस बार 6 नए अरबपतियों को जगह मिली है।

कामिनी रॉय –

बंगाल की प्रसिद्ध कवयित्री और लेखिका कामिनी रॉय ब्रिटिश भारत में स्नातक करने वाली पहली भारतीय महिला हैं। इनका जन्मदिन 12 अक्टूबर को होता है। इन्होंने जीवन भर महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। 12 अक्टूबर 1864 को इनका जन्म बंगाल के बसंदा गांव में हुआ था। 1933 में इनका निधन बिहार के हजारीबाग जिले में हो गया। आज 12 अक्टूबर 2019 को Google ने इनको एक ख़ास डूडल बना कर सम्मान दिया है।

WHO ने जारी की पहली वर्ल्ड विजन रिपोर्ट-2019

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में विश्व की पहली वर्ल्ड विजन रिपोर्ट-2019 जारी की है। इसके अनुसार 2.2 बिलियन (22करोड़) लोगों में दृष्टि दोष या अंधापन है। इनमें से एक बिलियन से अधिक मामलों को रोका जा सकता है।

ईरान-

हाल ही में ईरान की 3000 महिलाओं ने 40 साल में पहली बार स्टेडियम में फुटबॉल मैच देखा।

ICON-

आयनमंडल का अध्ययन करने के लिए हाल ही में नासा ने ऑइकन नामक सैटेलाइट को लांच किया है।

एलेक्सी लियोनोव-

स्पेस में वॉक करने वाले विश्व के पहले व्यक्ति एलेक्सी लियोनोव का हाल ही में निधन हो गया है।

इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड-2019

इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड – 2019 में मिल्खा सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

सऊदी अरब-

सऊदी अरब ने हाल ही में देश की महिलाओं को सेना में भर्ती होने की इजाजत दे दी है।

तुर्की-

हाल ही में तुर्की द्वारा उत्तर-पूर्व सीरिया में एकतरफा कार्यवाही के लिए भारत ने इसकी आलोचना की है।

अभिजीत बनर्जी को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार-

इन बार नोबेल पुरस्कारों की घोषणा के क्रम में आज अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई। यह पुरस्कार अभिजीत बनर्जी, एस्थऱ डुफ्लो, माइकल क्रेमर को प्रदान किया गया। इस बार अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार जिन तीन व्यक्तियों को प्रदान किया गया, उनमें भारतीय मूल के अभिजीत बनर्जी भी शामिल हैं। इन्हें वैश्विक गरीबी कम किए जाने को लेकर किए गए इनके प्रयासों के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

अभिजीत बनर्जी के बारे में-

अभिजीत बनर्जी का जन्म 21 फरवरी 1961 को कोलकाता में हुआ था। वर्तमान में ये अमेरिकी नागरिक हैं। इन्होंने कलकत्ता के प्रेसीडेंसी कॉलेज से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। इसके बाद दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय मे अर्थशास्त्र एमए की पढ़ाई की है।

विश्व महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप-

मंजू रानी ने हाल ही में विश्व महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया है। हालांकि इन्हें फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। 18 साल बाद यह पहला मौका है जब किसी भारतीय महिला मुक्केबाज ने अपने पदार्पण विश्वकप में रजत पदक हासिल किया है। इससे पूर्व वर्ष 2001 में एम. सी. मैरीकॉम ने अपने पदार्पण विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था।

‘टोटल’ खरीदेगी अडानी गैस की 37.4 प्रतिशत हिस्सेदारी-

हाल ही में फ्रांस की ऊर्जा कंपनी टोटल ने भारत की गौतम अडाणी की गैस कंपनी अडाणी गैस के 37.4 प्रतिशत शेयर खरीदने की घोषणा की है। इस तरह अडाणी औऱ टोटल के पास कंपनी की 50-50 प्रतिशत की भागीदारी होगी। दोनो ही कंपनियां 37.4 – 37.4 प्रतिशत की मालिक होंगी औऱ बाकी के 25.2 प्रतिशत की हिस्सेदारी आम निवेशकों के पास रहेगी।

मरियम थ्रेसिया को मिली संत की उपाधि-

भारतीय नन मरियम थ्रेसिया को उनकी मृत्यु के 93 साल बाद संत की उपाधि दी गई है। इनका जन्म 26 अप्रैल 1876 को केरल के त्रुशूर में हुआ था। इन्होंने वर्ष 1914 में होली फैमिली नामक एक संस्था की स्थापना की थी। यह उपाधि पोप फ्रांसिस ने वेटिकन सिटी में एक आयोजन के दौरान प्रदान की। इन्हें यह उपाधि लड़कियों की शिक्षा में योगदान देने के लिए दी गई है। इनके साथ ही चार अन्य ईसाई धर्मगुरुओं को भी मरणोपरांत संत की उपाधि प्रदान की गई। इनके साथ इस बार संत की उपाधि पाने वाले अन्य चार संत- कॉर्डियन जॉन हेनरी न्यूमैन (ब्रिटेन), लेवीमैन मार्गरेट बेज (स्विजरलैंड), सिस्टर डल्स लोप्स (ब्राजील), सिस्टर गिसेपिना वानिनि(इटली) हैं।

आपातकाल के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों की पेंशन खत्म करेगी राजस्थान सरकार-

हाल ही में राजस्थान की राज्य सरकार ने आपातकाल के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों की पेंशन को बंद करने का ऐलान किया है। सरकार ने 14 अक्टूबर को यह निर्णय लिया कि इंदिरा गांधी द्वारा लगाई गई इमेरजेंसी के दौरान आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम (मीसा) कानून के तहत हिरासत में लिए गए लोगों की पेशन व अन्य सुविधाएं सरकार द्वारा बंद की जाएंगी। इस फैसले से हर साल सरकार को 40 करोड़ रुपयों की बचत होगी।

जिंबांबे औऱ नेपाल को मिली आईसीसी सदस्यता-

नेपाल औऱ जिंबांबे को एक बार फिर आईसीसी की सदस्यता प्रदान कर दी गई है। इन दोनो देशों को जुलाई 2019 में सरकारी हस्तक्षेप के कारण सदस्यता नीलंबित कर दी गई थी।

ग्लोबल हंगर इंडेक्स – 2019

इस साल जारी ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत को 102वां स्थान मिला है। इस बार विश्व के कुल 117 देशों की इस सूची में जगह दी गई है।

अयोध्या विवाद पर उच्चतम न्यायालय का निर्णय सुरक्षित-

मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने आज सुनवाई होने से पूर्व ही साफ कर दिया था कि आज शाम 5 बजे इस मामले की अंतिम सुनवाई होगी।रंजन गोगोई का कार्यकाल 17 नवंबर को समाप्त हो रहा है। भारतीय उच्चतम न्यायालय ने अयोध्या विवाद पर निर्णय कर लिया है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के पास सुरक्षित है, 23 दिन बाद इसे सुनाया जाएगा। इस मामले की सुनवाई 5 सदस्यीय संवैधानिक पीठ ने की है। यह पीठ 06 अगस्त से लगातार मामले की सुनवाई कर रही थी। इस पीठ के 5 न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस. अब्दुल नजीर, अशोक भूषण, धनंजय, वाई चद्रचूड़, एस. ए. बोबड़े हैं।

ब्रिटेन व यूरोप के बीच नया ब्रेक्जिट समझौता-

यूरोपियन यूनियन के अध्यक्ष जीन क्लाड जंकर ने आज यूरोपियन यूनियन और ब्रिटेन के बीच नए समझौते की घोषणा की है। इस समझौते को यूरोपियन संसद की मंजूरी मिलना अभी बाकी है। ध्यादव्य है कि कुछ समय पहले यूरोपियन यूनियन ने यूरोपीय संघ से बाहर निकलने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी को ब्रेग्जिट समस्या के नाम से जाना जाता है।

लियोन मैसी ने जीता गोल्डन शू अवार्ड-

बार्सिलोना के कप्तान लियोन मैसी के करियर का यह छठा गोल्डन शू अवार्ड है। लगातार तीसरी बार उन्होंने यह अवार्ड जीता है। इससे पहले ये साल 2009, 2010, 2011, 2012, 2015 में ये यह खिताब अपने नाम कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने 122 किमी. चलाई बाइक-

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने हाल ही में पर्यटन को बढ़ाबा देने के लिए 122 किमी बाइक चलाकर लोगों को संदेश दिया। उन्होंने यिंगकिओंग से पासीघाट के बीच का यह सफर 2.5 घंटे में तय किया। उन्होंने ट्विटर के माध्यम से कहा कि यह राज्य मोटर साइकिल से लंबी यात्रा करने के लिए उपयुक्त स्थल है।

मैक्सिको से दिल्ली भेजे गए 311 भारतीय लोग –

हाल ही में मैक्सिको से गैरकानूनी रूप से अमेरिका जाने की कोशिश करते हुए 300 से अधिक भारतीय नागरिकों को भारत बापस भेजा गया है। इन लोगों को टोलुका सिटी इटरनेशनल एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इनके खिलाफ यह कार्यवाही मैक्सिकन इमीग्रेशन अथारिटी ने की है। ये लोग बेहतर जिंदगी की तलाश में अमेरिका जाने की कोशश करते हुए पकड़े गए। इन लोगों में ज्यादातर लोग पंजाब और हरियाणा के हैं।

हरियाणामहाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव-

आने वाली 21 अक्टूबर को हरियाणा व महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। महाराष्ट्र की 288 सीटों औऱ हरियाणा की 90 सीटों पर चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। इसके बाद 24 अक्टूबर को दोनों राज्यों के चुनावी परिणाम आएंगे।

पहली बार अंतरिक्ष में सिर्फ महिलाओं का स्पेसवॉक-

विश्व में पहली बार अंतिराक्ष में सिर्फ महिलाओं ने स्पेसवॉक कर इतिहास रच दिया है। इस बार स्पेसवॉक नम्बर 421 में नासा ने सिर्फ महिलाओं को ही स्पेसवॉक के लिए भेजा। इससे पहले के स्पेसवॉक में महिलाओं के साथ पुरुषों की भी उपस्थिति रही है। जिन महिलाओं ने यह कारनामा कर दिखाया है उनके नाम क्रिस्टिना कोच औऱ जेसिका मीर हैं।

निजी स्कूलों में भी मातृत्व अवकाश देने वाला देश का पहला राज्य बना केरल

केरल की राज्य सरकार ने हाल ही में राज्य के निजी शिक्षण संस्थानों में भी महिला कर्मचारियों को मातृत्व लाभ देने संबंधी अनुरोध को मंजूरी प्रदान कर दी है। नियम के लागू होते ही ऐसा करने वाला केरल भारत का पहला राज्य बन जाएगा।

इंडिया इनोवेशन इंडेक्स – 2019

हाल ही में नीति आयोग ने पहली बार इंडिया इनोवेशन इंडेक्स – 2019 जारी की है। इस रिपोर्ट को ग्लोबल इनोवेशन रैंकिंग के आधार पर बनाया गया है। इसके अनुसार कर्नाटक को भारत के सबसे इनोवेटिव राज्य का दर्जा प्रदान किया गया है। कर्नाटक के बाद क्रमशः तमिलनाडु, महाराष्ट्र, तेलंगानाहरियाणा हैं।

पहली बौद्ध सर्किट स्पेशल ट्रेन शुरु –

महत्वपूर्ण बौद्ध स्थलों औऱ स्मारकों को कवर करने के लिए भारत में पहली ट्रेन की शुरुवात की गई है। यह रेल नई दिल्ली के सफदरगंज रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरु करेगी औऱ गौतम बुद्ध के जीवन से जुड़े सभी स्थलों की यात्रा करते हुए बापस सफदरगंज पर ही अपने सफर को समाप्त करेगी। भारतीय रेलवे ने 19 अक्टूबर 2019 को भारत और नेपाल के बीच इस रेल को चलाने की शुरुवात की है। इसकी यात्रा 8 दिनों औऱ सात रातों की होगी।

सरकार ने चीन में निर्मित तिरंगे के आयात पर लगाया प्रतिबंध –

केंद्र सरकार ने हाल ही में चीन व अन्य किसी भी देश में बने तिरंगे भारत द्वारा आयात करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इससे संबंधित विदेश व्यापार निदेशालय की ओऱ से जारी बयान में यह बताया गया कि भारतीय ध्वज संहिता के अनुसार तय किए गए मानकों का पालन न किए जाने के कारण यह प्रतिबंध लगाया गया है।

विश्व की सबसे लंबी नॉन – स्टॉप पैसेंजर फ्लाइट –

क्वांटस एयरलायंस की QF 7879 फ्लाइट ने न्यूयॉर्क ( अमेरिका ) से 19 घंटे 16 मिनट की उड़ान भरकर सीधे सिडनी ( ऑस्ट्रेलिया ) में लैंड किया। यह अब तक की विश्व की सबसे लंबी नॉन – स्टॉप उड़ान रही।

न्युक्लियर एनर्जी कॉन्क्लेव 2019 –

परमाणु ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में हाल ही में इसका आयोजन हुआ। अब तक परमाणु संयंत्रों को सिर्फ दक्षिण भारत में ही स्थापित किया गया था। उन्होंने बताया कि अब हरियाणा के गोरखपुर में भी एक परमाणु संयंत्र की स्थापना की जा रही है। भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को समझने औऱ विकसित करने के उद्देश्य से साल 2001 में इंडिया एनर्जी फोरम की स्थापना की गई थी।

‘ब्रिजिटल नेशन’ पुस्तक का विमोचन –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में ब्रिजिटल नेशन नामक पुस्तक का विमोचन किया है। यह पुस्तक भविष्य का एक बेहद खूबसूरत विजन प्रस्तुत करती है। मोदी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस पुस्तक का विमोचन उस वक्त हुआ है जब प्रौद्योगिकी सकारात्मक रूप से लाखों भारतीय लोगों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है। यह पुस्तक एन. चंद्रशेखर औऱ रुपा पुरुषोत्तम द्वारा लिखी गई।

महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे –

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो ( एनसीआरबी ) के अनुसार भारत में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। रिपोर्ट के अनुसार इन मामलों में लगभग 28 प्रतिशत मामले महिला के पति या उनके परिवार जनों के विरुद्ध दर्ज किए गए।

दो से अधिक बच्चे वालों को असम राज्य सरकार नहीं देगी सरकारी नौकरी –

हाल ही में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवल ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह कहा कि छोटे परिवार के मानक के अनुसार 1 जनवरी 2021 के बाद से दो से अधिक बच्चे वालों को राज्य सरकार की तरफ से नौकरी नहीं दी जाएगी। साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं से भी वंचित किया जाएगा। वे लोग पंचायत, स्वायत्त परिषद औऱ नगर निकाय चुनावों में भी उम्मीदवारी पेश करने के लिए अयोग्य माने जाएंगे। कैबिनेट स्तर की बैठक में ‘ भूमि ‘ नीति को मंजूरी प्रदान की गई। इसके तहत भूमिहीन लोगों को तीन बीघा कृषि भूमि औऱ घर बनाने के लिए आधा बीघा जमीन दी जाएगी।

डिजिटल भारत डिजिटल संस्कृति –

हाल ही में संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने देश की राजधानी नई दिल्ली में सांस्कृतिक स्त्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र के ई – पोर्टल डिजिटल भारत डिजिटल संस्कृति ( सीसीआरटी ) की शुरुवात की। इसके साथ ही सीसीआरटी यूट्यूब चैनल की भी शुरुवात की। इसके बाद देश भर की स्कूली संस्थाओं की कक्षाओं में डिजिटल संवाद के माध्यम के जरिए सांस्कृतिक शिक्षा के प्रसार में सहायता होगी। इस पहल के लिए सीसीआरटी ने एक एनजीओ रूट्स टू रूट्स के साथ समझौता भी किया है।

स्वदेशी सैन्य उपकरण खरीदने को रक्षा मंत्रालय ने दी मंजूरी –

हाल ही में केंद्र सरकार ने सशस्त्र बलों को 3300 करोड़ रुपयों के रक्षा उपकरण खरीदने को मंजूरी प्रदान कर दी है। रक्षा खरीद परिषद की एक बैठक में यह फैसला लिया गया। इस मंजूरी में देश में निर्मित टैंकरोधी निर्देशित मिसाइलें भी शामिल हैं।

पाकिस्तान ने भारत के साथ डाक सेवा बंद की –

हाल ही में पाकिस्तान ने भारत को बिना नोटिस दिए ही भारत से डाक मेल सेवा को बंद कर दिया है। इसकी पुष्टि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने की।

सौरभ गांगुली ने संभाला बीसीसीआई के अध्यक्ष का पदभार –

दिग्गज खिलाड़ी औऱ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने हाल ही में  बीसीसीआई के 39 वें अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला है। इनके पद संभालते ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित प्रशासकों की समिति भी भंग हो गई। इस पद के लिए इन्हें निर्विरोध चुना गया। इस पद पर इनका कार्यकाल जुलाई 2020 तक का होगा। इन्होंने अपने वनडे करियर की शुरुवात साल 1992 में वेस्टंडीज के विरुद्ध खेलकर की थी। इनकी कप्तानी में साल 2003 में भारतीय क्रिकेट टीम वनडे विश्वकप के फाइनल तक पहुंची। इनके साथ ही अमित शाह के बेटे जय शाह को बीसीसीआई के सचिव का पद दिया गया है।

सतह से सतह पर मार करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण –

हाल ही में अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर वायुसेना द्वारा दो ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण किया गया। मिसाइल ने 300 किलोमीटर स्थित अपने लक्ष्य पर एकदम सटीक निशाना लगाया।

गेहूं – दाल का न्यूनतम समर्थन मूल्य –

हाल ही में केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2019 – 20 के लिए आगामी रबी की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य को घोषणा की है। इस बार सरकार ने पिछले वर्ष की तुलना में इनकी कीमतों में वृद्धि की है। इस बार के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1925, चने का 4875 रुपये औऱ मसूर का 4800 रुपये  किया गया है।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग –

साल 2019 में जारी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में भारत को 63 वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह रैंकिंग विश्व बैंक द्वारा जारी की जाती है। इस रैंकिंग में विभिन्न मानकों के आधार पर यह तय किया जाता है कि कौनसा देश अपने लोगों को बिजनेस करने के लिए कितनी आसानी प्रदान कर रहा है। पिछले साल 2018 में भारत को 77 वां स्थान प्राप्त हुआ था।

केंद्र सरकार ने तुर्की जाने वाले भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी –

सितंबर 2019 में हुई संयुक्त राष्ट्र सभा में तुर्की के राष्ट्रपति ने कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन करते हुए भारत का विरोध किया था। इसी के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुर्की की दो दिवसीय यात्रा रद्द करके तुर्की को कड़ा संदेश दिया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने भारत से तुर्की जाने वालों के लिए दिशा निर्देश जारी कर अत्यंत सावधानी वरतने को कहा हैं। तुर्की व सीरिया के विरुद्ध चल रहे विवाद औऱ कश्मीर मुद्दे पर तुर्की के रवैये को देखते हुए यह एडवाइजरी जारी की गई है।

साल 1982 के बाद ओजोन में सबसे छोटा छेद –

अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा साल 1982 से ही ओजोन छिद्र पर अपनी नजर बनाए हुए है। इसके विस्तार का आंकलन इस बार सबसे छोटे आकार के रूप में दर्ज किया गया है। अंटार्कटिका ( दक्षिणी ध्रुव ) में ओजोन छिद्र बनने का कारण वैश्विक ताप में वृद्धि औऱ ध्रुवीय समताप मंडलीय बादल हैं।

ओडिशा के छोटे किसानों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करेगा विश्व बैंक –

विश्व बैंक ने ओडिशा के छोटे किसानों को 16.5 अरब डॉलर की सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। इससे ओडिशा के 15 जिलों के लगभग 125000 किसान लाभान्वित होंगे। ओडिशा भारत का वह राज्य है जहां के लोगों को सूखा से लेकर सुनामी तक का सामना करना पड़ता है।

कन्या सुमंगला योजना –

उत्तर प्रदेश सरकार ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने औऱ परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्या सुमंगला योजना की शुरुवात की है। इसके अंतर्गत प्रदेश सरकार कन्या के जन्म से लेकर उसके स्नातक होने तक छह चरणों में उसे 15 हजार रुपये की सहायता प्रदान करेगी।

करतारपुर कॉरिडोर समझौता –

पाकिस्तान में स्थित सिखों के धार्मिक स्थल करतारपुर साहब के लिए बनाए गए करतारपुर कॉरिडोर के परिप्रेक्ष्य में हुए समझौते पर भारत व पाकिस्तान के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौतें में भारत का प्रतिनिधित्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एससीएल दास ने और पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व वहां के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैजल ने किया। इस कॉरिडोर का उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औऱ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान 09 नवंबर 2019 को करेंगे।

अमेरिका के राज्य कैलिफोर्निया में आपातकाल की घोषणा –

अमेरिकी प्रांत कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसन ने कल 25 अक्टूबर को राज्य में आपातकाल की घोषणा की। यह घोषणा लॉस एजिंल्स औऱ सोमोना क्षेत्र में लगी भीषण आग के खतरे के चलते लगभग 50 हजार लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। इस आग को बुझाने के लिए 1000 दमकल कर्मी, 500 दमकल वाहन, एक टैंकर औऱ हेलीकॉप्टर तक लगाए गए हैं। यह आग कैलिफोर्निया के जंगलों में 5000 एकड़ से अधिक के क्षेत्र में फैली हुई है।

भारतीयों को वीजा में छूट देगा ब्राजील –

वर्तमान में ब्राजील कई देशों जैसे अमेरिका, कनाडा, जापान औऱ आस्ट्रेलिया को लघु अवधि वीजा में छूट प्रदान कर रहा है। आज 26 अक्टूबर को ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने घोषणा कर बताया कि वर्तमान में जो छूट वह अन्य देशों को दे रहा है उस सूची में अगला नाम भारत का होगा।

बेल्जियम को मिली देश की पहली महिला प्रधानमंत्री –

बेल्जियम की बजट मंत्री सोफी विलियम्स को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनाया गया है। इसकी घोषणा वर्तमान प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने की है। इस तरह इन्हें देस की पहली महिला प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त हुआ है। दरअसल वर्तमान प्रधानमंत्री मिशेल को यूरोपियन काउंसिल के प्रमुख का पद प्राप्त हुआ है। इसी कारण देश को एक कार्यवाहक प्रधानमंत्री की आवश्यकता पड़ी।

चिली में आपातकाल की घोषणा –

चिली की सड़कों पर लाखों लोग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए निकल आए। इसके चलते देश में आपातकाल की घोषणा कर दी गई।  चिली की राजधानी सैंटयागो में सरकार के विरुद्ध हुई एक रैली में 10 लाख से अधिक लोग शामिल हुए। इस प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद देश में आपातकाल की घोषणा कर दी गई। इसे 1990 के बाद चिली सरकार के खिलाफ यह सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है। इसमें करीब 19 लोगों की मौत हो चुकी है। साल 1990 में चिली के तानाशाह अगुस्तो पिनोशे के खिलाफ लोगों ने ऐसा प्रदर्शन किया था।

अब भारतीयों को ब्राजील जाने के लिए वीजा लेने की जरूरत नहीं –

ब्राजील के राष्ट्रपति बनने के बाद जेयर बोलसोनारो ने कई विकसित देशों के नागरिकों को ब्राजील आने के लिए वीजा की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया था। इसके बाद भारतीय नागरिकों के लिए भी वीजा की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया। राष्ट्रपति की इस घोषणा के साथ ही भारत व चीन के नागरिकों को अब ब्राजील जाने के लिए वीजा नहीं लेना होगा। उन्होंने यह घोषणा चीन के आधिकारिक दौरे के दौरान की।

किन किन देशों में जाने के लिए भारतीयों को वीजा लेने की आवश्यकता नहीं होती –

विश्व के कई ऐसे देश हैं जहां जाने के लिए भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीजा लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। ये देश हैं – नेपाल, भूटान, फिजी, इंडोनेशिया, मॉरीशस, इक्वाडोर, मकाऊ, सेनेगल, फलस्तीन, माइक्रोनेसिया, त्रिनिदाद एंड टोबैको, सेंट विंसेट एंड द् ग्रनैडिनेस, सल्वाडोर, जमैका, हैती, ग्रेनेडा, डोमेनिका, ब्राजील। परंतु वहां अस्थाई रूप से रहने व भ्रमण करने की समय सीमा सभी देशों ने अलग – अलग निर्धारित कर रखी है।

जस्टिस एस. ए. बोबड़े होंगे भारत के अगले प्रमुख न्यायाधीश (CJI) –

एस. ए. बोबड़े ( शरद अरविंद बोबड़े ) भारतीय उच्चतम न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 29 अक्टूबर 2019 को अगले मुख्य न्यायाथीश के तौर पर इनके नाम पर मुहर लगा दी है। उच्चतम न्यायलय के 47 वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में इनका कार्यकाल 18 नवंबर 2019 को प्रारंभ होगा और ये इस पद पर 23 अप्रैल 2021 तक कार्यरत रहेंगे। इस पद पर ये वर्तमान न्यायाधीश रंजन गोगोई का स्थान लेंगे जो 17 नवंबर 2019 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ध्यातव्य है कि अयोध्या भूमि विवाद में सुनवाई कर रहे 5 जजों में एस. ए. बोबड़े भी शामिल हैं।

जस्टिस एस. ए. बोबड़े के बारे में –

इनका जन्म 24 अप्रैल 1956 को नागपुर ( महाराष्ट्र ) में हुआ था। इन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से स्नातक और एल. एल. बी. की डिग्री प्राप्त की। साल 2000 में इन्होंने बाम्बे हाईकोर्ट में एडिशनल जज के रूप में कार्यभार संभाला। इसके बाद ये 16 अक्टूबर 2012 से 11 अप्रैल 2013 तक जबलपुर उच्च न्यायालय ( मध्य प्रदेश ) के मुख्य न्यायाधीश रहे। इसके बाद 2013 मे ये उच्चतम न्यायालय में जज बने।

गिरीश चंद्र मुर्मू बने जम्मू – कश्मीर के पहले उप-राज्यपाल –

केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू – कश्मीर का पहला उप राज्यपाल गिरीशचंद्र मुर्मू को नियुक्त किया गया है। ये 31 अक्टूबर 2019 को पदभार ग्रहण करेंगे। ये 1985 बैच के गुजरात कैडर के आई.ए.एस. ऑफिसर हैं। इससे पहले जम्मू कश्मीर के वर्तमान ( 13 वें व अंतिम ) राज्यपाल सत्यपाल मलिक को गोवा का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया। मुर्मू ने नरेंद्र मोदी के सचिव के रूप में तब कार्य किया था जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। ध्यातव्य है कि कश्मीर से धारा – 370 हटने के बाद जम्मू – कश्मीर राज्य के स्थान पर दो नए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू – कश्मीर व लद्दाख अस्तित्व में आए।

संयुक्त सैन्याभ्यास ‘शक्ति – 2019’ –

भारत और फ्रांस के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास शक्ति की शुरुवात साल 2011 में हुई थी। इस साल 2019 में इसका आयोजन 31 अक्टूबर से शुरु हो रहा है। इसका आयोजन राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में विदेशी प्रशिक्षण नोड में किया जाएगा। इस बार का आयोजन मुख्य रूप से आतंकवाद रोधी अभियानों पर केंद्रित होगा। इसके लिए फ्रांस से सेना की एक टुकड़ी 26 अक्टूबर को ही भारत आ चुकी है। इस युद्धाभ्यास का समापन 13 नवंबर को होगा। यूुद्ध अभ्यास के माध्यम से दोनो देश की सेनाएं अपनी तकनीकी कुशलता को एक दूसरे के साथ साझा करते हैं।

उच्च स्तरीय रणनीतिक साझेदारी परिषद –

भारत सरकार और सऊदी अरब ने मिलकर उच्च स्तरीय रणनीतिक साझेदारी परिषद की स्थापना की है। 29 अक्टूबर को दोनो देशों के बीच इससे संबंधित समझौते पर हस्ताक्षर हुए। इस परिषद की अगुआई दोनो देशों के प्रमुखों द्वारा की जाएगी। इसकी बैठक प्रत्येक दो सालों के बाद हुआ करेगी। इसके साथ ही रक्षा, तेल, गैस, चिकित्सा, अक्षय ऊर्जा, नागर विमानन इत्यादि से संबंधित समझौते भी हुए।

बेस्ट सीईओ – 2019

हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू ने विश्व में सबसे अच्छे प्रदर्शन करने वाले सीईओ की एक सूची जारी की है। इस सूची में भारत के तीन सीईओ ( मुख्य कार्यकारी अधिकारी ) को जगह दी गई है।

बिस्कोमान –

बिहार की शीर्ष सहकारी संस्था बिस्कोमान मे कश्मीरी सेब उत्पादकों की मदद करने के लिए बिहार में कम मूल्य पर सेब बेचने की पहल की है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत –

नई दिल्ली में 31 अक्टूबर 2019 से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पर्व का आयोजन किया जाएगा।

मणिपुर

भारत के पड़ोसी देश म्यांमार के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मणिपुर में नदी पर नया पुल बनाए जाने की घोषणा की गई।

लेबनान –

लेबनान की सरकार ने देश में वॉट्सअप औऱ फेसवुक मैसेंजर पर मैसेज व कॉल करने के लिए टैक्स लगाने का ऐलान किया था। इसके विरोध मे हुए प्रदर्शन के बाद वहां के प्रधानमंत्री को पद से इस्तीफा देना पड़ा।

आज से भारत में राज्यों की कुल संख्या हुई 37 –

जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटने का कानून आज 31 अक्टूबर 2019 से लागू हो गया है। आज से वहां से राष्ट्रपति शासन को हटा दिया गया है, अब वहां का प्रशासन उपराज्यपाल द्वारा संभाला जाएगा। इसके बाद अब भारत में राज्यों की कुल संख्या 37 हो गई है जिनमें 28 पूर्ण राज्य और 09 केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं।

Leave a Comment

चैट खोलें
1
मदद चाहिए ?
Scan the code
हम आपकी किस प्रकार सहायता कर सकते हैं ?